ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र के अवाड़पुरा इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शादी से इंकार करने पर एक जेठ ने अपनी विधवा भाभी पर घर में घुसकर एसिड फेंक दिया। इस हमले में महिला का चेहरा, सीना और हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। पुलिस ने आरोपी को देर रात हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार शाम जब वह घर में सब्जी काट रही थी, तभी आरोपी मुशीर खान बोतल में एसिड लेकर वहां पहुंचा और महिला पर हमला कर दिया। आरोपी शादी के लिए लंबे समय से दबाव बना रहा था, लेकिन महिला ने साफ इंकार कर दिया था। इंकार से बौखलाए मुशीर ने यह घिनौनी वारदात अंजाम दी।
पीड़िता को गंभीर हालत में ज्यारोग्य अस्पताल की बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला का चेहरा, सीना, हाथ और पैर तक झुलस गए हैं। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पीड़िता की शादी 12 साल पहले मोहल्ले में रहने वाले एक युवक से हुई थी, जिसकी 9 महीने पहले बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। पति की मौत के बाद से वह अपने मायके में रह रही थी। उसका 10 साल का बेटा और 4 साल की बेटी है। आरोपी मुशीर खान की पत्नी की भी कुछ समय पहले मृत्यु हो चुकी है। इसी दौरान उसने महिला से शादी की इच्छा जताई थी, जिसे महिला ने ठुकरा दिया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में दबिश दी और आरोपी को देर रात गिरफ्तार कर लिया। कंपू थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एसिड अटैक और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और जल्द ही उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह घटना न केवल समाज के लिए एक चेतावनी है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि आखिर कब तक महिलाएं ऐसी दरिंदगी का शिकार बनती रहेंगी। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़िता को न्याय दिलाने में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।










