( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की कलेक्टर-कमिश्नर, एसपी, आईजी-डीआईजी की पहली कांफ्रेंस 7-8 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर भोपाल में होगी। मुख्य सचिव अनुराग जैन ने इस कांफ्रेंस के लिए आठ प्रमुख बिंदु तय किए हैं, जिनके बारे में मंत्रालय के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी बताएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक इसके बाद मुख्यमंत्री अपनी प्राथमिकताएं देंगे। इस दो दिवसीय कांफ्रेंस के बाद सालभर का रोडमैप बनेगा और इसी पर मैदानी अमले की परफॉर्मेंस तय की जाएगी।
जिपं सीईओ का ग्रुप डिस्कशन भी होगा
नगरीय निकायों के कमिश्नरों और जिला पंचायत सीईओ को भी बुलाया जा रहा है। सभी को आपस में ग्रुप में बिठाकर समन्वय का पाठ पढ़ाया जाएगा, यानी ग्रुप डिस्कशन होंगे। इसके अलावा आईएएस अधिकारियों के साथ एक सत्र पुलिस अधिकारियों का होगा। यह कांफ्रेंस फिजिकल हो रही है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इससे पहले वीडियो कांफ्रेंसिंग पर मैदानी अमले से बात कर चुके हैं। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर(मिंटो हॉल) में दो दिन में आठ सत्र होंगे। मुख्य सचिव ने कांफ्रेंस के बाद तय होने वाले साल भर के रोडमैप की मॉनिटरिंग की भी तैयारी की है। मीटिंग के दौरान मुख्यमंत्री कलेक्टर-कमिश्नर को बताएंगे।
कौन सीनियर्स किस मुद्दे पर बोलेंगे
कृषि पर अशोक वर्णवाल: खाद-बीज, नरवाई प्रबंध, प्राकृतिक खेती, सिंचाई की प्लानिंग, दूध उत्पादन और उसकी प्रोसेसिंग, प्रेशराइज्ड पाइप से सूक्ष्म सिंचाई सिस्टम।
नगरीय प्रशासन पर संजय दुबे: पीएम आवास योजना, अमृत योजना और स्वच्छ भारत मिशन।
गुड गवर्नेंस पर संजय कुमार शुक्ला: समय पर राजस्व मामलों का निपटारा और राजस्व का डिजिटलाइजेशन, समग्र के लाभार्थी और भूमि अधिग्रहण।
कानून व्यवस्था पर शिवशेखर शुक्ला: क्रिमिनल लॉ, क्राइम, भीड़ नियंत्रण, रोड सेफ्टी (ऑर्गन ट्रांसप्लांट) और एयर एंबुलेंस।
आदिवासी और ग्रामीण विकास पर दीपाली रस्तोगी: पीएम जनमन, दजगुआ, आदि कर्मयोगी, पीएम आवास व स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), मनरेगा, आजीविका मिशन, पंचायती राज, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना-वाटरशेड, ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, इको सेंसेटिव जोन पर जागरूकता और आदिवासी बोर्डिंग स्कूलों के बारे में बताएंगी।
रोजगार और इंडस्ट्री पर राघवेंद्र कुमार सिंह: स्किल डेवलपमेंट, एमएसएमई लोन स्कीम और इसमें मिलने वाली सुविधा, उद्योगों को जमीन का आवंटन, पीएम गतिशक्ति, स्टार्टअप और पीएम वीबीआरवाई पर जानकारी देंगे।
स्वास्थ्य एवं पोषण पर संदीप यादव: सिकल सेल, पोषण, अस्पतालों की अधोसंरचना, एनसीडी और एमसीएच पर प्रेजेंटेशन देंगे।
शिक्षा पर संजय गोयल: एडमिशन और ड्रॉप आउट रेट, शिक्षा की गुणवत्ता और भारत सरकार के निपन मिशन की जानकारी देंगे। स्कूलों में संख्या बढ़ाने और शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए निपन एक राष्ट्रीय पहल है।











