राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि चिकित्सक मानवता की सेवा करते हैं । देश व समाज की सेवा करना ही उनका ध्येय है । उन्होंने सेवा को पेशेवर व्यवहार नहीं बनाने के लिए चिकित्सकों का आवहान किया।
श्री देवनानी सोमवार को यहां सवाई मानसिंह चिकित्सालय में डॉक्टर्स डे पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे ।श्री देवनानी ने कहा कि चिकित्सक को आमजन देवदूत के रूप में देखता है। व्यक्ति जब बीमार होता है तो चिकित्सक को दिखाकर अपने आप को स्वस्थ होने की अनुभूति करता है । उन्होंने कहा की वर्तमान में चिकित्सा क्षेत्र में अनेक चुनौतियां हैं । बदलती जीवन शैली से मानव शरीर पर अनेक प्रभाव पड़ रहे हैं। चिकित्सकों के लिए सबसे बड़ी चुनौती यह है कि लोग स्वस्थ रहें। निरोगी रहे । समाज को स्वस्थ रखने में चिकित्सकों की सहभागिता आवश्यक है । श्री देवनानी ने कहा कि सभी को सस्ता और सुलभ इलाज मिले इसके लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।









