जयपुर, अजमेर के वैशाली नगर की जनता को 17 साल बाद सामुदायिक भवन की सौगात मिलने जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इसके निर्माण में आ रही तकनीकी बाधाओं को हल कर काम की शुरुआत करवाई। अब क्षेत्रवासियों को छोटे-बड़े समारोहों के लिए स्थान मिल सकेगा, जिससे स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा होगी।
सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का शुभारम्भ
अजमेर में वार्ड संख्या 77 के जनता कॉलोनी, वैशाली नगर में पंडित दीनदयाल पार्क के पास सार्वजनिक हॉल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। 17 साल पहले यह सामुदायिक भवन गिर गया था, लेकिन इसके पुनर्निर्माण में तकनीकी अड़चनें आ रही थीं। देवनानी ने कहा कि इस वादे को पूरा करने के लिए नगर निगम को निर्देश दिए गए थे और अब यह कार्य शुरू हो चुका है।
अजमेर के समग्र विकास पर जोर
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि अजमेर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए इस बार के राज्य बजट में 1,500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इस राशि का बड़ा हिस्सा अजमेर में विभिन्न विकास कार्यों में खर्च किया जाएगा, जैसे कि आयुर्वेद विश्वविद्यालय की स्थापना, स्पोर्ट्स कॉलेज और एथलेटिक्स अकादमी का निर्माण। इसके अलावा, पेयजल आपूर्ति के लिए नसीराबाद से नौसर कोटड़ा तक पाइपलाइन और तीन सर्विस रिजर्वायर स्थापित किए जाएंगे।
सड़क एवं नाला विकास कार्य
अजमेर में सड़क और नाला निर्माण के लिए 56 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। अगले एक साल में 30 करोड़ की लागत से नालों का निर्माण किया जाएगा, जिससे सभी नालों को पक्का किया जाएगा। साथ ही, 26 करोड़ रुपए की लागत से नई सड़कें बनाई जाएंगी और दीपावली तक शहर की सभी सड़कों को सुधार लिया जाएगा। कचहरी रोड पर अतिक्रमण हटाने के बाद नाले का निर्माण भी जल्द शुरू किया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा: रोप वे और लैपर्ड सफारी
अजमेर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चामुंडा माता मंदिर तक रोप वे और अजयसर में लैपर्ड सफारी जैसी परियोजनाओं की शुरुआत की जा रही है, जिससे पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न पार्षद और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विधानसभा कर्मियों के लिए बोनस और लाभांश
विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने विधान सभा कर्मचारियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं
कर्मचारियों को मिला 35 लाख रुपए का लाभांश
जयपुर, 25 अक्टूबर: राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी को विधानसभा कर्मचारी बचत एवं साख सहकारी समिति के अध्यक्ष रवि जैन ने बताया कि समिति ने विधानसभा कर्मचारियों को लगभग 35 लाख रुपए का लाभांश प्रदान किया है। दीपावली के अवसर पर बोनस और लाभांश की घोषणा की गई थी, और यह राशि सभी सदस्यों के बैंक खातों में जमा करवा दी गई है। इस अवसर पर अध्यक्ष देवनानी ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।











