“जीरो वेस्ट घाट” थीम पर सजेगा गौरिघाट, स्वच्छता और जनभागीदारी से जबलपुर पेश करेगा नई मिसा
ल
रिवर टाउन असेसमेंट एवं स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में अव्वल स्थान के लक्ष्य के साथ नगर निगम की व्यापक तैयारियाँ प्रारंभ
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर इस बार मां नर्मदा के पावन तट ग्वारीघाट को “Zero Waste Ghat” की अभिनव थीम के साथ विकसित कर देशभर में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने जा रहा है। नगर निगम द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 एवं रिवर टाउन असेसमेंट के अंतर्गत गौरिघाट पर व्यापक स्तर पर सौंदर्यीकरण, स्वच्छता प्रबंधन एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
महापौर एवं निगमायुक्त के मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम दिन-रात तैयारियों में जुटी हुई है, ताकि मां नर्मदा के तट को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल स्वरूप प्रदान किया जा सके। घाट की सीढ़ियों को आकर्षक रंगों एवं सांस्कृतिक चित्रांकन से सजाया जा रहा है, वहीं घाट परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर प्लास्टिक एवं कचरा मुक्त वातावरण तैयार किया जा रहा है।
नगर निगम द्वारा घाट क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छता बनाए रखने में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही “RRR – Reduce, Reuse, Recycle” गतिविधियों के माध्यम से लोगों को कचरे के पृथक्करण एवं पुनर्चक्रण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों की सहभागिता से घाट परिसर में जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
विशेष बात यह है कि इस बार केवल स्वच्छता तक सीमित न रहकर “व्यवहार परिवर्तन” पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छता शपथ दिलाई जाएगी तथा “मां नर्मदा को स्वच्छ रखने” का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार जबलपुर रिवर टाउन असेसमेंट में देशभर के शहरों के बीच अपनी मजबूत दावेदारी प्रस्तुत करेगा। मां नर्मदा के प्रति आस्था एवं स्वच्छता के प्रति प्रतिबद्धता का यह संगम शहर को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
“नर्मदे हर” के उद्घोष के साथ पूरा शहर एकजुट होकर यह संकल्प ले रहा है कि स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण मित्र घाटों के माध्यम से जबलपुर को देश में नंबर-1 स्थान दिलाया जाएगा।
स्वच्छता, जनभागीदारी और सांस्कृतिक गौरव का यह समन्वय न केवल रिवर टाउन असेसमेंट बल्कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में भी जबलपुर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का आधार बनेगा।
निगमायुक्त के निर्देशन में “Zero Waste Ghat” थीम पर सजेगा गौरिघाट, रिवर टाउन असेसमेंट में जबलपुर पेश करेगा मजबूत दावेदारी
Published On: May 23, 2026 12:10 pm

---Advertisement---









