एसपी संपत उपाध्याय का फिर एक्शन, थाना प्रभारियों में बड़ा फेरबदल

---Advertisement---

एसपी संपत उपाध्याय का फिर एक्शन, थाना प्रभारियों में बड़ा फेरबदल

गोसलपुर-मझौली में नई कमान, कटंगी-पाटन प्रभारियों की अदला-बदली; दो थाना प्रभारी लाइन अटैच

जबलपुर। जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने एक बार फिर थाना प्रभारियों में फेरबदल कर पुलिस महकमे में हलचल बढ़ा दी है। लगातार किए जा रहे प्रशासनिक बदलावों के बीच एसपी ने इस बार गोसलपुर, मझौली, कटंगी और पाटन थानों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इसे पुलिसिंग में कसावट और थाना स्तर पर जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

 

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गोसलपुर और मझौली थानों की कमान भावना तिवारी और मंजू शर्मा को सौंपी गई है। वहीं कटंगी और पाटन थाना प्रभारियों की अदला-बदली की गई है। बदलाव के साथ ही अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और लंबित मामलों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने की जिम्मेदारी होगी।

 

दो थाना प्रभारी लाइन अटैच

 

फेरबदल में मझौली और गोसलपुर में पदस्थ रहे थाना प्रभारी नेहरू खंडते और गाजीवती पुसाम को लाइन अटैच किया गया है। एसपी के इस निर्णय को महकमे में सख्त प्रशासनिक संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि लाइन अटैच किए जाने के कारणों को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

 

लगातार बदलाव से पुलिसिंग में कसावट का संदेश

 

एसपी संपत उपाध्याय के कार्यकाल में थाना स्तर पर लगातार किए जा रहे फेरबदल से यह संकेत साफ है कि पुलिसिंग व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता को लंबे समय तक स्वीकार करने के बजाय जिम्मेदारियों में बदलाव किया जा रहा है। नए अधिकारियों से अपेक्षा होगी कि वे अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण के साथ आमजन की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई और पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करें।

थाना प्रभारियों के बदलाव के बाद अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि नई जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में किस तरह पुलिसिंग को गति देते हैं। खासतौर पर ग्रामीण और संवेदनशील थाना क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, अवैध गतिविधियों पर अंकुश और कानून-व्यवस्था बनाए रखना नए प्रभारियों के लिए बड़ी चुनौती होगी।

एसपी का संदेश साफ—पुलिसिंग में कसावट जरूरी, जिम्मेदारी के साथ जवाबदेही भी तय होगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment