गड्ढों ने तोड़ा हाथ, युवक ने नगर निगम को कहा—‘धन्यवाद!’
सतना। नगर निगम क्षेत्र की जर्जर सड़कों और जगह-जगह बने गड्ढों का खामियाजा अब लोगों को चोटों के रूप में भुगतना पड़ रहा है। ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां खराब सड़क के कारण एक युवक हादसे का शिकार हो गया और उसका हाथ टूट गया।
हादसे के बाद युवक ने सोशल मीडिया पर अपने टूटे हुए हाथ की तस्वीरें साझा करते हुए नगर निगम पर तंज कसा। युवक ने व्यंग्यात्मक अंदाज में नगर निगम को ‘धन्यवाद’ दिया और लिखा कि शहर की सड़कों पर गड्ढों की भरमार है, जिनके कारण आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। शिकायतों के बावजूद सड़कों की मरम्मत नहीं कराई जा रही।
युवक की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट पर लोगों ने भी नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की कई प्रमुख सड़कों की हालत खराब है और बरसात में गड्ढों में पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है।
अब सवाल यह है कि किसी सड़क की मरम्मत के लिए क्या पहले किसी नागरिक की हड्डी टूटना जरूरी है? लोगों ने नगर निगम से तत्काल जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने और हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।










