चाबी लगी बाइक देख रुकते नहीं थे, मौका मिलते ही उड़ा देते थे: रांझी पुलिस ने दो वाहन चोर दबोचे”

---Advertisement---

रांझी में दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद

सड़क किनारे चाबी लगी बाइक को बनाते थे निशाना, दोनों आरोपियों पर पहले से कई अपराध दर्ज

जबलपुर। रांझी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपी पूर्व में भी चोरी और मारपीट के मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में दर्ज हैं।

 

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी सहित संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रांझी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

 

पहला मामला 27 जुलाई 2026 का है। अश्वनी सिंह निवासी कंचनपुर आधारताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपनी हीरो सीबीजेड एक्सट्रीम क्रमांक एमपी-22-एमडी-3093 से घर जा रहा था। शोभापुर चौराहा, व्हीकल फैक्ट्री मोड़ के पास वह कुछ देर के लिए रुका और मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी कर दी। बाइक में चाबी लगी हुई थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति बाइक स्टार्ट कर चोरी कर ले गया। मामले में अपराध क्रमांक 553/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

 

दूसरा मामला 16 सितंबर 2026 का है। हर्ष गुप्ता निवासी सदर बाजार कैंट अपनी हीरो स्प्लेंडर प्लस क्रमांक एमपी-20-एक्सडी-1140 से रांझी स्थित ऊषा मेडिकल के पास पहुंचा था। बाइक बाहर खड़ी कर वह मेडिकल दुकान में गया। करीब 10 मिनट बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी पता नहीं चला। शिकायत पर अपराध क्रमांक 732/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

 

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने हिमांशु सोनी (25), निवासी शांतिनगर रांझी और हिमांशु झारिया (28), निवासी शारदानगर छात्रावास के सामने रांझी को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

 

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने सड़क किनारे चाबी लगी खड़ी मोटरसाइकिलों को मौका पाकर चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार हिमांशु सोनी के खिलाफ पूर्व से छह अपराध दर्ज हैं, जिनमें एक मारपीट और पांच चोरी के मामले शामिल हैं। वहीं हिमांशु झारिया के खिलाफ तीन अपराध दर्ज हैं, जिनमें एक मारपीट और दो चोरी के मामले शामिल हैं।

 

कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मयंक यादव, प्रधान आरक्षक भीगू, सोमवंशी, रामगोपाल विश्वकर्मा, पुरुषोत्तम, चन्द्रभान तथा आरक्षक मनीष एवं अभिषेक मिश्रा की सराहनीय भूमिका रही।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment