मानसून से पहले नगर निगम का दावा, अब नहीं होगा जलभराव!
जबलपुर। मानसून की दस्तक से पहले नगर निगम ने शहर को जलभराव और गंदगी की समस्या से राहत दिलाने के लिए 15 दिवसीय संभागवार महास्वच्छता अभियान शुरू करने का फैसला किया है। अभियान के तहत नाला-नालियों की व्यापक सफाई, जल निकासी व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही जर्जर भवनों के विरुद्ध कार्रवाई, नागरिक शिकायतों का त्वरित निराकरण और सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निपटाने के आदेश भी दिए गए हैं।
अभियान के प्रमुख बिंदु:
- 15 दिवसीय विशेष महास्वच्छता अभियान
- नाला-नालियों की व्यापक सफाई
- जलभराव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष फोकस
- जर्जर भवनों पर कार्रवाई
- सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों का 3 दिन में निराकरण
- लापरवाही पर अधिकारियों की जवाबदेही तय
हालांकि हर वर्ष मानसून से पहले ऐसे दावे और अभियान शुरू होते हैं, लेकिन असली परीक्षा पहली तेज बारिश के बाद होगी। शहरवासियों की नजर इस बात पर रहेगी कि सफाई और तैयारियों के दावों का असर सड़कों और मोहल्लों में कितना दिखाई देता है।
अब सवाल यह है कि क्या इस बार नालों की सफाई कागजों से निकलकर जमीन पर दिखाई देगी, या फिर पहली बारिश में ही जलभराव की पुरानी तस्वीरें दोबारा सामने आएंगी?










