90 हजार की रिश्वत लेते वेयरहाउस कॉरपोरेशन का कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन में रिश्वतखोरी के मामले में लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ सहायक भारत यादव और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी विपिन सिंह को पकड़ा है। ट्रैप कार्रवाई के दौरान विपिन सिंह को शिकायतकर्ता से ₹90 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
शिकायतकर्ता संदीप कुमार परसाई के अनुसार, उनके दो होल्डिंग चालान पास कर भुगतान लगाने तथा मूंग उपार्जन कार्य की NOC जारी करने के एवज में आरोपियों द्वारा ₹1.30 लाख रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत के मुताबिक, भारत यादव पहले ही ₹40 हजार ले चुका था और शेष ₹90 हजार की मांग की जा रही थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपों का सत्यापन कराया। शिकायत की पुष्टि होने पर 15 सितंबर को लोकायुक्त टीम नर्मदापुरम पहुंची।
बताया गया कि अग्रवाल होटल, मीनाक्षी चौराहा पर ट्रैप कार्रवाई के दौरान कनिष्ठ सहायक भारत यादव ने अपने अधीनस्थ कर्मचारी विपिन सिंह को रिश्वत की रकम लेने भेजा। जैसे ही विपिन सिंह ने शिकायतकर्ता से ₹90 हजार प्राप्त किए, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया।
मामले में भारत यादव और विपिन सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
#BhopalTimes #Lokayukta #Narmadapuram #BriberyCase #CorruptionFreeMP










