इंदौर के बड़ा सराफा में देर रात ज्वेलरी दुकान में लगी आग, पुलिस ने खाली कराई चौपाटी
इंदौर के बड़ा सराफा क्षेत्र में मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे मॉडर्न ज्वेलर्स में अचानक आग लग गई। दुकान से धुआं निकलता देख लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। आग की सूचना मिलते ही सराफा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड के वाहनों के लिए रास्ता साफ कराने चौपाटी को तत्काल खाली कराया।
गांधी हॉल फायर स्टेशन से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने से पहले गली की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद दमकलकर्मियों ने पानी की बौछार कर करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। दुकान में एसी लगे होने की जानकारी भी सामने आई है। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने से बड़ा नुकसान टल गया।
आग के दौरान चौपाटी में काफी भीड़ मौजूद थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए लोगों और दुकानदारों को वहां से हटाया। दुकानदारों ने भी अपना सामान समेट लिया, जिससे दमकल वाहनों को दुकान तक पहुंचने में सुविधा हुई।
गौरतलब है कि सराफा क्षेत्र में करीब एक वर्ष पहले भी आग की घटना सामने आई थी। उस समय दमकल वाहनों को संकरी गलियों और भीड़ के कारण मौके तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई थी। इसके बाद चौपाटी में स्टॉल सीमित करने का निर्णय लिया गया था। मंगलवार रात भी सड़क पर खड़े वाहनों के कारण दमकल वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
बड़ा सवाल यह है कि संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले सराफा क्षेत्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए तय किए गए फायर-सेफ्टी इंतजाम आखिर कितने प्रभावी हैं?










