पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सम्पन्न
कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और एसपी सम्पत उपाध्याय की मौजूदगी में हुआ अंतिम अभ्यास, अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने ली परेड की सलामी
जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, जबलपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल सम्पन्न हुई। रिहर्सल के दौरान कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय मौजूद रहे।
फाइनल रिहर्सल में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के निर्धारित प्रोटोकॉल एवं कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास कराया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए परेड की सलामी ली। विभिन्न पुलिस एवं अन्य दलों ने अनुशासित एवं गरिमापूर्ण मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
रिहर्सल में परेड, सलामी, मंच संचालन एवं प्रोटोकॉल के साथ सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का भी अंतिम परीक्षण किया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी एवं सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति देकर समारोह की तैयारियों का अभ्यास किया।
अधिकारियों ने परेड की प्रत्येक गतिविधि का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। जिला एवं पुलिस प्रशासन द्वारा 15 अगस्त को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पर्व के मुख्य समारोह को गरिमा, अनुशासन, उत्साह और सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।










