6 लोगों का अपहरण, मेडिकल जांच में निकले पेट से सोने के कैप्सूल
यूपी के मुरादाबाद में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां खुद को पुलिस बताकर वर्दी में आए दो बदमाशों ने सऊदी से लौटे छह लोगों का अपहरण कर लिया। लेकिन असली कहानी तब सामने आई जब पुलिस ने सभी को पकड़कर मेडिकल जांच कराई।
जांच में पता चला कि जिन छह लोगों को अगवा किया गया था, वे असल में गोल्ड तस्कर हैं। मेडिकल रिपोर्ट में सामने आया कि इनमें से तीन के पेट से 150 ग्राम सोने के 8 कैप्सूल निकाले गए। बाकी तीन की जांच जारी है और उनके पेट में भी सोना होने की आशंका है।
पकड़े गए दो अपहरणकर्ता रफीक और राजा हैं, जिन्होंने पुलिस की वर्दी पहनकर वारदात को अंजाम दिया था। वहीं सोना तस्करी में शामिल छह लोगों की पहचान नावेद, शाने आलम, मुतवल्ली, जाहिद और जुल्फिकार के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि ये सभी सऊदी से सोना लाकर भारत में तस्करी के जरिए बेचते हैं। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में जल्द और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।











