अजमेर, अजमेर में 2 अक्टूबर का दिन कायस्थ समाज के लिए विशेष उत्साह और एकता का प्रतीक बना रहा। श्री चित्रगुप्त बाल हितकारी सेवा संस्थान, नायकी माता यात्रा व विकास समिति परिवार, और श्री चित्रगुप्त नवयुवक समिति के प्रतिनिधियों युगल किशोर नेहवारिया, ललित सक्सेना, अमित सक्सेना, साकेत माथुर, गोपाल कृष्ण माथुर, मिथलेश सक्सेना, और नीता माथुर ने मिलकर कायस्थ समाज के साथ मिलकर भारत रत्न और देश के द्वितीय प्रधानमंत्री, कायस्थ रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर एक भव्य वाहन रैली में हिस्सा लिया।
रैली के साथ-साथ कायस्थ मोक्ष धाम में पौधारोपण का आयोजन भी किया गया, जिसमें समाज के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। अजमेर में इस अवसर पर कायस्थ समाज की एकता देखने लायक थी। समाज के सभी बंधुओं ने शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान जयपुर से आए सभी पदाधिकारियों का अजमेर कायस्थ समाज की ओर से माल्यार्पण कर और मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया गया। इस आयोजन से पूरे कायस्थ समाज में खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा, जो समाज की एकता और समर्पण को दर्शाता है।











