जोधपुर: जोधपुर में इन दिनों भीषण गर्मी और जल संकट की दोहरी समस्या से लोग जूझ रहे हैं। एक ओर जहां तापमान ने जीवन को कठिन बना दिया है, वहीं दूसरी ओर पानी की कमी ने हालात और भी खराब कर दिए हैं। जोधपुर के कई इलाकों में पानी की भारी समस्या देखने को मिल रही है।
चोखा गांव में विकराल जल समस्या
ताजा मामला चोखा गांव का है, जहां मुस्लिम कॉलोनी, बॉम्बे योजना, चौपासनी सुंदर बालाजी के पास के इलाकों में पानी की पाइपलाइन पिछले कई सालों से नहीं डाली गई है। यहां के निवासियों ने बार-बार जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, लेकिन उनकी समस्या अनसुनी ही रही। जलदाय विभाग के टैंकर भी यहां नहीं पहुंच रहे, जिससे समस्या और गहरा गई है।
पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे लोग
सुंदर बालाजी इलाके में तो हालात और भी खराब हैं। लोग पीने तक के लिए पानी नहीं मिल रहा है और उन्हें दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। यहां की स्थिति इतनी विकराल हो चुकी है कि पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग तरस रहे हैं।
अमिना बानो के प्रयासों से मिली राहत
इस समस्या को देखते हुए, प्रदेश अध्यक्षा राष्ट्रीय मानवाधिकार पर्यावरण सुरक्षा एवं भ्रष्टाचार निवारण संगठन, महिला प्रकोष्ठ जोधपुर संभाग राष्ट्रीय मुस्लिम तेली महापंचायत की अध्यक्षा और कांग्रेस नेता अमिना बानो ने एक साल से लगातार प्रयास किए। उन्होंने राजस्थान सचिवालय में मंत्री को इस समस्या से अवगत करवाया और 42 लाख रुपए की स्वीकृति दिलवाई। इसके बाद, जोधपुर जलदाय विभाग के अधिकारियों से मिलकर कागजी कार्यवाही पूरी की गई।
पाइपलाइन का काम शुरू
अब इस क्षेत्र में पाइपलाइन डालने का काम शुरू हो चुका है। अमिना बानो ने कहा कि उनके प्रयासों से यह संभव हो पाया है और भविष्य में इस क्षेत्र की जनता को पानी की समस्या से जूझना नहीं पड़ेगा। पाइपलाइन पूरी होने पर आम जनजीवन पानी से प्रभावित नहीं होगा।









