पीएम स्वनिधि हितग्राहियों को बड़ी सौगात: समय पर लोन चुकाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा क्रेडिट कार्ड

---Advertisement---

पीएम स्वनिधि हितग्राहियों को बड़ी सौगात: समय पर लोन चुकाने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को मिलेगा क्रेडिट कार्ड

जबलपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत समय पर ऋण चुकाने वाले रेहड़ी-पटरी एवं स्ट्रीट वेंडर्स के लिए एक और महत्वपूर्ण सुविधा शुरू की जा रही है। अब योजना के अंतर्गत ₹15 हजार एवं ₹25 हजार की प्रथम और द्वितीय किश्त का ऋण समय पर चुकाने वाले पात्र हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उन्हें अपने व्यवसाय के संचालन एवं विस्तार के लिए तत्काल कार्यशील पूंजी मिल सकेगी।

इस संबंध में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बैंक अधिकारियों एवं निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर योजना की प्रगति का आकलन किया और पात्र हितग्राहियों तक इस सुविधा का शीघ्र लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि समय पर ऋण अदायगी करने वाले स्ट्रीट वेंडर्स को बार-बार ऋण स्वीकृति की जटिल प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तुरंत वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सकेगी, जिससे उनका व्यापार अधिक सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनेगा।

बैठक में बताया गया कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने वाले तथा नियमित लेनदेन करने वाले हितग्राहियों को कैशबैक, बेहतर क्रेडिट स्कोर और वित्तीय अनुशासन का लाभ भी मिलेगा। इन्हीं मानकों के आधार पर पात्र वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड सुविधा से जोड़ा जाएगा।

निगमायुक्त श्री अहिरवार ने बैंक अधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को इस योजना का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराएं, ताकि छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति और मजबूत हो सके।

इस अवसर पर निगमायुक्त ने कहा, “आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में स्ट्रीट वेंडर्स महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। क्रेडिट कार्ड की सुविधा मिलने से उन्हें आपातकालीन परिस्थितियों और दैनिक व्यापार संचालन के लिए तत्काल वित्तीय संबल प्राप्त होगा, जिससे उनका व्यवसाय और अधिक सशक्त बनेगा।”

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment