सभी की जिम्मेदारी से बनेगी आदर्श विधानसभा : मंत्री राकेश सिंह

---Advertisement---

जबलपुर। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लोक निर्माण विभाग की टैगलाइन “लोक निर्माण से लोक कल्याण” है और इसी भावना के साथ विकास कार्यों को गति दी जा रही है।

 

उन्होंने कहा कि आदर्श विधानसभा का निर्माण केवल सड़क, पुल, भवन और अन्य अधोसंरचनाओं से नहीं होता, बल्कि नागरिकों की जिम्मेदारी, सहभागिता और व्यवहार से भी होता है। जब विकास के साथ नागरिक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं, तभी वास्तविक अर्थों में आदर्श विधानसभा का निर्माण होता है।

 

मंत्री श्री सिंह रविवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के वीर सावरकर, इंदिरा गांधी, गढ़ा, स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड तथा रमनगरा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रमों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सड़क, नाला, घाट, गार्डन, शेड, स्टेज और सामुदायिक भवन सहित अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

 

कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य श्रीमती सुमित्रा वाल्मीकि, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, महामंत्री पंकज दुबे, पार्षद, शक्ति केंद्रों के सहयोगी, मंडल पदाधिकारी तथा सीनियर सिटीजन समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

 

वीर सावरकर वार्ड में 50 लाख के शेड-स्टेज का भूमिपूजन

 

वीर सावरकर वार्ड में कछपुरा पुल के समीप करीब 50 लाख रुपए की लागत से बनने वाले शेड एवं स्टेज का भूमिपूजन वार्ड के वरिष्ठ नागरिक सुरेश देशपांडे ने मंत्री श्री सिंह के आग्रह पर किया। शिलान्यास मंत्री श्री सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि वार्ड में अब तक 23 विकास कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि कुल 65 विकास कार्य कराए जाने हैं।

 

शाही तालाब के घाट और गार्डन का होगा विकास

 

इंदिरा गांधी वार्ड में शाही तालाब के घाट निर्माण का भूमिपूजन शक्ति केंद्र के हरि शर्मा ने किया। घाट निर्माण पर करीब 60 लाख तथा गार्डन विकास पर 20 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। तालाब के समीप बाउंड्रीवॉल और छोटे-बड़े दो गेट निर्माण की मांग भी पूरी करने की बात मंत्री ने कही। वार्ड में करीब 68 विकास कार्य चिन्हित किए गए हैं।

 

गढ़ा वार्ड में 8.43 करोड़ के 40 मार्गों का लोकार्पण

 

गढ़ा वार्ड में 843.20 लाख रुपए की लागत से पूर्ण 40 मार्गों का लोकार्पण किया गया। मंत्री ने बताया कि वार्ड में 211 विकास कार्य स्वीकृत किए जा चुके हैं। जलप्लावन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से नाले का निर्माण कराया जा रहा है।

 

कोष्टा समाज के सामुदायिक भवन का भूमिपूजन

 

स्वामी वीरेंद्रपुरी वार्ड के कोष्टा मोहल्ले में समाज की मांग पर 10 लाख रुपए की लागत से सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा। मंत्री श्री सिंह ने इसका भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि पश्चिम विधानसभा में एक साथ करीब 40 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया जा रहा है।

 

रमनगरा में 25 लाख के यज्ञशाला शेड का भूमिपूजन

 

रमनगरा में यज्ञशाला शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। मंत्री श्री सिंह ने निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कुल 132 विकास कार्य स्वीकृत, प्रगतिरत और प्रस्तावित हैं। इनमें करीब 6 करोड़ रुपए की लागत वाले 42 कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 10 कार्य प्रगतिरत, 26 स्वीकृत और 19 प्रस्तावित हैं।

 

इस अवसर पर मंत्री श्री सिंह ने वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर धनवंतरी नगर चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment