कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, एसपी संपत उपाध्याय एवं कमिश्नर रामप्रकाश अहिरवार की मौजूदगी में स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल संपन्न

जबलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिले के मुख्य समारोह की अंतिम एवं फुल ड्रेस रिहर्सल गुरुवार सुबह संपन्न हुई। रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह की सभी तैयारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम रूप दिया गया।
फुल ड्रेस रिहर्सल में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार की मौजूदगी रही। अंतिम रिहर्सल में अपर कलेक्टर रविशंकर राय ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रिहर्सल के दौरान पुलिस एवं विभिन्न टुकड़ियों ने निर्धारित अनुक्रम में मार्चपास्ट का अभ्यास किया। परेड में शामिल जवानों ने अनुशासन और कदमताल के साथ सलामी मंच के सामने से गुजरते हुए परेड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी फुल ड्रेस अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों का अभ्यास किया।
15 अगस्त को जिला मुख्यालय जबलपुर में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे। समारोह को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।










