निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने मॉनिटरिंग के लिए पांच दल गठित किए
जनविश्वास अभियान को लेकर अधिकारियों को दिए मैदानी निरीक्षण और त्वरित समाधान के निर्देश
जबलपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर नगर निगम प्रशासन ने कमर कस ली है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की समीक्षा की और मॉनिटरिंग के लिए पांच दलों का गठन किया।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने कर्मचारियों के साथ क्षेत्र में पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें। अभियान के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को क्षेत्र भ्रमण और शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
14 अगस्त को उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विजय नगर स्थित अग्रसेन मंडपम में शिविर आयोजित होगा। इसके लिए वार्डों में निरीक्षण, चौपाल और संवाद कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। कार्यक्रमों के लिए अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव को नोडल अधिकारी तथा उपायुक्त अंकिता जैन को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है।









