नगर निगम जनसुनवाई में 38 आवेदन प्राप्त, मौके पर कराया निराकरण
राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई, शेष आवेदनों के समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश
जबलपुर। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं से संबंधित कुल 38 आवेदन प्राप्त हुए। निगमायुक्त अग्रिम कुमार के निर्देशानुसार अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, सौरभ मिश्रा एवं उपायुक्त जनसुनवाई वेद प्रकाश चौधरी ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर उनके निराकरण की कार्रवाई कराई।
जनसुनवाई के दौरान राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही त्वरित निराकरण कर नागरिकों को राहत पहुंचाई। वहीं, अन्य शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित विभागीय प्रमुखों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अतिक्रमण विभाग से सर्वाधिक 12 शिकायतें
जनसुनवाई में प्राप्त 38 आवेदनों में अतिक्रमण विभाग से संबंधित सर्वाधिक 12 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके अलावा कॉलोनी सेल से 6, भवन शाखा से 5, योजना शाखा से 4 तथा जल विभाग से 3 शिकायतें प्राप्त हुईं।
वहीं, लोक निर्माण विभाग, बाजार विभाग, प्रकाश विभाग, पीएम आवास योजना, स्थापना शाखा, कार्यालय अधीक्षक तथा संभाग क्रमांक 10 एवं 14 से संबंधित एक-एक शिकायत दर्ज की गई।
जनसुनवाई में संबंधित विभागों के प्रमुख एवं अधिकारी उपस्थित रहे। निगम प्रशासन ने सभी लंबित शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।










