आय से 426% अधिक संपत्ति का खुलासा, सहकारी समिति के प्रभारी प्रबंधक के ठिकानों पर EOW का छापा
सतना। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) की टीम ने शनिवार सुबह सेवा सहकारी समिति अमकुई के प्रभारी प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह बघेल के सिजहटी गांव स्थित आवास पर छापामार कार्रवाई की। प्रारंभिक जांच में उनकी ज्ञात वैध आय की तुलना में अधिक संपत्ति, आय से अधिक व्यय और खाद वितरण में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले सामने आए हैं।
17.51 लाख रुपये आय, 92.16 लाख की संपत्ति
EOW की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सुरेंद्र प्रताप सिंह बघेल की कुल ज्ञात वैध आय 17.51 लाख रुपये आंकी गई, जबकि जांच के दौरान 57.68 लाख रुपये का व्यय सामने आया। इसके अलावा आरोपी के पास कुल 92.16 लाख रुपये की संपत्ति होने का खुलासा हुआ। उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर आय से अधिक संपत्ति की जांच की जा रही है।
भूमि दस्तावेज और सोने के आभूषण भी जांच के दायरे में
कार्रवाई के दौरान 22.50 लाख रुपये मूल्य के भूमि संबंधी दस्तावेज और 11.97 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों का सत्यापन किया गया। इसके अतिरिक्त नागौद क्षेत्र में लगभग 2200 वर्गफीट भूमि पर बने मकान, कार, ट्रैक्टर और दो मोटरसाइकिलों से संबंधित जानकारी भी जांच में सामने आई है।
बेटे की पढ़ाई पर खर्च और बैंक खातों की पड़ताल
जांच में आरोपी के बेटे की दिल्ली में पढ़ाई पर लाखों रुपये खर्च किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। EOW की टीम आरोपी के छह बैंक खातों और बीमा पॉलिसियों की जांच कर रही है, ताकि संपत्ति के स्रोत और आय-व्यय के बीच अंतर का पता लगाया जा सके।
मामले में जांच जारी है। संपत्ति और व्यय से संबंधित अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।










