मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जबलपुर आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में
कलेक्टर, एसपी और नगर निगम आयुक्त ने कार्यक्रम स्थलों का किया निरीक्षण
जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 1 अगस्त को प्रस्तावित जबलपुर प्रवास को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, मंच, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव दोपहर 12 बजे जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से डुमना चौराहा पर पदोन्नत कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डुमना नेचर पार्क पहुंचेंगे, जहां ‘कैच द रेन’ अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण कार्यों का शुभारंभ करेंगे तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
मुख्यमंत्री के शहर आगमन के दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। सरदार होशियार सिंह गेट पर रजक समाज तथा घंटाघर चौराहा पर मछुआ समाज द्वारा मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री गीता भवन में आयोजित मुख्य मंचीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां वे अमृत 1.0 योजना के अंतर्गत सीवेज परियोजना से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।









