महापौर के मार्गदर्शन और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की पहल से जबलपुर विकास की नई राह पर

---Advertisement---

महापौर के मार्गदर्शन और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की पहल से जबलपुर विकास की नई राह पर

एमआईसी की बैठक में ₹1100 करोड़ की जल-सीवर परियोजनाओं सहित आवास, यातायात, पर्यावरण और विरासत संरक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मंजूर

जबलपुर। शहर के विकास को गति देने और नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। महापौर के मार्गदर्शन और निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार की पहल से नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, आवास, यातायात, पर्यावरण संरक्षण और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में लिए गए निर्णयों से शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार की राह भी मजबूत हुई है।

बैठक में ₹1100 करोड़ की जल एवं सीवर परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई। इन परियोजनाओं के माध्यम से शहर के पेयजल नेटवर्क के विस्तार तथा सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा। बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल एवं सीवर जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को शहर के विकास का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है।

इसी क्रम में रांझी के मोहनिया क्षेत्र में 528 नए 2 बीएचके फ्लैट्स के निर्माण के लिए टेंडर जारी करने की स्वीकृति प्रदान की गई। नागरिकों को लगभग ₹5.60 लाख में 2 बीएचके आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। किफायती आवास के माध्यम से पात्र परिवारों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की योजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में पर्यावरण संरक्षण और कचरे के बेहतर उपयोग को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। नगर निगम के उद्यान विभाग से निकलने वाली झाड़ियों, पत्तियों तथा पेड़-पौधों की छंटाई से प्राप्त ग्रीन वेस्ट का उपयोग बायो-ब्रिकेट्स तैयार करने में किया जाएगा। इसके साथ ही कम्पोस्ट प्लांट स्थापित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई। इससे हरित अपशिष्ट के वैज्ञानिक उपयोग के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए संचालित सभी 22 ट्रैफिक सिग्नलों के संचालन एवं संधारण के लिए टेंडर जारी करने की स्वीकृति भी बैठक में दी गई। ट्रैफिक सिग्नलों के नियमित संचालन और रखरखाव से यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

जबलपुर की ऐतिहासिक पहचान और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में भी नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। शहर में एक विशेष म्यूजियम तैयार किए जाने की योजना है, जिसमें वर्ष 1975 से पूर्व की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक सामग्री, दुर्लभ तस्वीरें, अभिलेख, महत्वपूर्ण प्रसंग और समाचार-पत्रों की कतरनों को संकलित कर सुरक्षित रखा जाएगा। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को जबलपुर के इतिहास और उसकी समृद्ध विरासत से परिचित कराना है।

ऐतिहासिक सामग्री उपलब्ध कराने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं। चयनित प्रतिभागियों में प्रथम पुरस्कार ₹51 हजार, द्वितीय ₹21 हजार और तृतीय ₹11 हजार दिया जाएगा। इसके अलावा 10 विशेष प्रतिभागियों को ₹5-5 हजार की राशि से सम्मानित किया जाएगा।

एमआईसी की बैठक में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों के साथ शहर के विकास से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई और आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक में एमआईसी सदस्य डॉ. सुभाष तिवारी, दामोदर सोनी, विवेकराम सोनकर, श्रीमती अंशुल राघवेंद्र यादव, निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

महापौर के मार्गदर्शन और निगमायुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार की पहल एवं कार्ययोजना के साथ नगर निगम द्वारा जल, सीवर, आवास, यातायात, पर्यावरण और विरासत जैसे विभिन्न क्षेत्रों को विकास की प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। एमआईसी में लिए गए ये निर्णय शहर की बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ जबलपुर की ऐतिहासिक पहचान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास की दिशा तय करने वाले महत्वपूर्ण कदम हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment