गणेश विसर्जन को लेकर नगर निगम की व्यापक तैयारियां, तिलवारा घाट सहित विसर्जन स्थलों पर पुख्ता इंतजाम
जबलपुर। गणेश विसर्जन को लेकर नगर निगम जबलपुर ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए तिलवारा घाट सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों पर व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में संबंधित विभागों की टीमें विसर्जन स्थलों पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए सक्रिय हैं।
सुरक्षित विसर्जन के लिए नाव एवं प्रशिक्षित टीम की तैनाती की गई है। बड़ी गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए क्रेन की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सहायता केंद्र एवं आपातकालीन व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम भी तैनात रहेगी।
विसर्जन स्थलों पर पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था के साथ नगर निगम का अमला भी मुस्तैद रहेगा। प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में तत्काल सफाई कर स्वच्छता बनाए रखने की व्यवस्था की गई है।
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वच्छ गणेश विसर्जन सुनिश्चित करना है। श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों का उपयोग करें तथा सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं में प्रशासन का सहयोग करें।










