कलेक्टर श्री सिंह की अध्यक्षता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक संपन्न
——
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में 17 सितम्बर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की तैयारियों की जानकारी लेते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने ब्लड स्टोरेज की क्षमता और वर्तमान उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मेडिकल कॉलेज, विक्टोरिया अस्पताल सहित अन्य स्थानों से टीम गठित करने और आवश्यकता के अनुसार टीमों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने शहरी क्षेत्रों के साथ ब्लॉक स्तरीय, जनपद एवं नगरीय निकायों में भी रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से स्थान, बेड, मेडिकल टीम की व्यवस्था तय करने के निर्देश दिए।
नगर निगम आयुक्त श्री अहिरवार ने बैठक में 17 सितम्बर को शाम 7 बजे गौरीघाट में आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यहां 1 लाख 11 हजार 111 दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके अलावा मदन महल सहित अन्य प्रमुख एवं प्राचीन स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए लगभग डेढ़ लाख दीप उपलब्ध हो चुके हैं। नगर निगम द्वारा दीप, तेल और दीप जलाने के लिए लाइटर सहित आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में बताया कि कार्यक्रम के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। नोडल अधिकारियों को निर्धारित समय पर सामग्री प्राप्त करने और अपने-अपने सेक्टर में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में #सेवा_संकल्प_अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में आयोजित होने वाली गतिविधियों की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर श्री ने सभी विभागों को अपनी गतिविधियों के लिए स्थान और तिथि तय कर कैलेंडर तैयार करने के निर्देश दिए।
CM Madhya Pradesh
#JansamparkMP #jabalpur










