जबलपुर। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने शहर को पूर्णतः गार्बेज फ्री सिटी बनाने के उद्देश्य से स्वच्छता, सीवर, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं राजस्व वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ, सुंदर और विकसित जबलपुर के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। आयुक्त ने निर्देशित किया कि सभी संभागीय अधिकारी प्रतिदिन प्रातः अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें तथा सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और खाली भूखंडों पर पड़े कचरे एवं निर्माण एवं विध्वंस (सी एंड डी) अपशिष्ट को तत्काल हटाना सुनिश्चित करें। शहर को पूरी तरह कचरा मुक्त बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए। राजस्व वसूली अभियान की समीक्षा करते हुए प्रत्येक कर्मचारी के लिए प्रतिदिन ₹50,000 वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले तीन राजस्व कर्मचारियों को स्मार्ट टैब एवं स्मार्ट वॉच प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य कर्मचारी भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरित हों। बैठक में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अमृत फेस-1 सीवर परियोजना एवं डुमना नेचर पार्क में चल रहे पौधारोपण कार्यों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि जबलपुर को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिक सुविधाओं से समृद्ध शहर बनाने के लिए प्रशासन और आमजन की सहभागिता समान रूप से आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने और जबलपुर को पूर्णतः गार्बेज फ्री सिटी बनाने के अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
गार्बेज फ्री जबलपुर के लिए नगर निगम का बड़ा संकल्प, आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
Published On: July 28, 2026 10:12 am

---Advertisement---









