जन विश्वास अभियान से पहले शेष कार्य पूरे करने के निर्देश
11 सितंबर को पाटन में लगेगा शिविर, दिव्यांगजन असेसमेंट के साथ स्वास्थ्य सेवाएं भी होंगी उपलब्ध
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें : कलेक्टर राघवेंद्र सिंह
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 11 सितंबर को पाटन में प्रस्तावित शिविर की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह ने अधिकारियों को सभी शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में उन्होंने अभियान के साथ आगामी संकल्प सेवा अभियान, एनीमिया मुक्त अभियान एवं राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों की भी समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में आमजन की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने के साथ विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार क्षेत्र भ्रमण, जनसंवाद और समस्याओं के त्वरित निराकरण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पाटन की संस्थाओं और सेवाओं की तैयार होगी जानकारी
कलेक्टर ने पाटन क्षेत्र में संचालित शासकीय एवं निजी विद्यालयों, अस्पतालों, राशन दुकानों, तहसील, लोक सेवा केंद्र, पुलिस थानों सहित अन्य संस्थाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी तैयार करने को कहा। संबंधित विभागों को अपनी संस्थाओं की स्थिति, लंबित प्रकरणों और हितग्राही सेवाओं का विवरण अभियान से पूर्व उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष असेसमेंट शिविर
अभियान के दौरान सिविल अस्पताल पाटन में दिव्यांगजनों के असेसमेंट के लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। पात्र दिव्यांगजनों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा आयुष विभाग द्वारा चिकित्सा परामर्श और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की जाएगी।
आधार, समग्र, संबल और पेंशन के लिए अलग डेस्क
शिविर में आधार संशोधन, समग्र आईडी सुधार, ई-केवाईसी, पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रकरणों के निराकरण के लिए अलग-अलग सहायता डेस्क बनाए जाएंगे। इसका उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
जनसंवाद के साथ उद्यम और यशस्वी संवाद
बैठक में जनसंवाद के साथ उद्यम संवाद और यशस्वी संवाद आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। उद्यम संवाद में स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं, शासकीय योजनाओं और स्वरोजगार से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी। वहीं यशस्वी संवाद में शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार, व्यवसाय अथवा आजीविका के क्षेत्र में सफलता हासिल करने वाले हितग्राहियों की सफलता की कहानियां साझा की जाएंगी।
कलेक्टर ने सेवा संकल्प अभियान की कार्ययोजना की जानकारी लेते हुए बताया कि अभियान का शुभारंभ गौरीघाट में एक लाख दीप प्रज्वलित कर किया जाएगा।
सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों पर विशेष जोर
बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य लंबित पत्रों का भी तत्परता से निराकरण करने को कहा।
22 सितंबर से राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 22 सितंबर से किया जाएगा। छूटे हुए लाभार्थियों के लिए 25 सितंबर को मॉप-अप दिवस रखा गया है। एनीमिया मुक्त भारत अभियान के तहत 1 से 19 वर्ष तक के 8.26 लाख बच्चों एवं किशोरों तथा 20 से 49 वर्ष की 1.80 लाख महिलाओं सहित कुल 10 लाख से अधिक हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाने का लक्ष्य है। शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और नोडल शिक्षकों की उपस्थिति में दवा वितरित की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से तैयारियां कर रहे हैं।
बैठक में डीएफओ श्री पुनीत सोनकर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक गेहलोत, अपर कलेक्टर श्रीमती नीता राठौर, अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।










