किराना दुकान व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला, फरार दोनों आरोपी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका था, फरार आरोपियों को शरण देने वाले के खिलाफ भी केस
जबलपुर। गांधी चौक मानेगांव में किराना दुकान व्यापारी पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में रांझी पुलिस ने फरार चल रहे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी शिवा राणे के कब्जे से चाकू भी बरामद किया है। वहीं, फरार आरोपियों को अपने घर में शरण देने वाले निखिल गोटिया के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे गांधी चौक स्थित किराना दुकान पर नितिन साहू, शिवा समुंद्रे और राज चौधरी पहुंचे थे। तीनों ने करीब 80 रुपये का सामान लिया। सामान के पैसे मांगने पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि नितिन साहू ने गाली-गलौज करते हुए अभिषेक श्रीपाल के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिवा और राज ने अभिषेक को पकड़ लिया, जबकि नितिन ने जान से मारने की नीयत से चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। गंभीर हालत में अभिषेक को उपचार के लिए हैदराबाद ओमेगा अस्पताल ले जाया गया।
मामले में थाना रांझी में अपराध क्रमांक 667/26 के तहत बीएनएस की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी नितिन साहू को पूर्व में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया था, जबकि राज चौधरी और शिवा राणे फरार थे।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी और नगर पुलिस अधीक्षक रांझी सतीश कुमार साहू के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
3 सितंबर को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शिवा राणे (19), निवासी गांधी चौक मानेगांव को मड़ई व्हीकल स्टेट, रांझी क्षेत्र से चाकू सहित गिरफ्तार किया। वहीं राज चौधरी (18), निवासी गांधी चौक मानेगांव को परशुराम कुंड क्षेत्र से पकड़ा गया।
पूछताछ में दोनों ने घटना के बाद चांदमारी घमापुर निवासी अपने साथी निखिल गोटिया के घर में छिपकर फरारी काटना बताया। पुलिस जब निखिल के घर पहुंची तो वह फरार मिला। उसके खिलाफ फरार आरोपियों को आश्रय देने के मामले में धारा 249 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए प्रकरण में धारा बढ़ाई गई है। वहीं शिवा के पास से चाकू मिलने पर उसके खिलाफ पृथक से धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी में भूमिका: थाना प्रभारी उमेश कुमार गोल्हानी, उप निरीक्षक मयंक यादव, सहायक उप निरीक्षक मनीष जाटव, प्रधान आरक्षक चंद्रभान सिंह, पुरसोत्तम अहिरवार, मनीष अहिरवार तथा आरक्षक अभिषेक मिश्रा, राहुल प्रताप और भीमू सोमवंशी की सराहनीय भूमिका रही।









