पदभार संभालते ही मैदान में उतरे संभागीय अधिकारी कमल आनंद, स्वच्छता और जनसुविधाओं को दी प्राथमिकता
ईद के बाद सफाई व्यवस्था की संभाली कमान, सड़कों के गड्ढे भरवाए; कजलियां महोत्सव के बाद हनुमानताल परिसर को तत्काल कराया स्वच्छ
जबलपुर। संभाग क्रमांक-8 भांन तलैया के संभागीय अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण करते ही कमल आनंद ने औपचारिकताओं तक सीमित रहने के बजाय सीधे मैदान में उतरकर कार्यशैली का परिचय दिया है। पदभार संभालने के तत्काल बाद उन्होंने क्षेत्र की स्वच्छता, सड़क व्यवस्था और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की स्वयं निगरानी शुरू कर दी।
ईद पर्व के उपरांत क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने स्वयं कमान संभाली। पर्व के दौरान बढ़े कचरे और सफाई संबंधी आवश्यकताओं को चिन्हित कर तत्काल सफाई कार्य कराया गया, जिससे प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बेहतर नजर आई।
इसी क्रम में क्षेत्र की सड़कों पर लंबे समय से दिखाई दे रही छोटी-बड़ी समस्याओं पर भी उन्होंने गंभीरता दिखाई। जगह-जगह सड़क पर बने गड्ढों को चिन्हित कर उन्हें भरवाने की कार्रवाई कराई गई, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो। अधिकारी की इस तत्परता से क्षेत्रवासियों में भी सकारात्मक संदेश गया है।
कजलियां महोत्सव के बाद सफाई व्यवस्था की स्वयं संभाली जिम्मेदारी
भांनतलैया क्षेत्र के हनुमानताल तालाब जबलपुर में आयोजित होने वाला कजलियां महोत्सव क्षेत्र के प्रमुख और विशाल धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है। हजारों श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की मौजूदगी वाले इस आयोजन के बाद स्वाभाविक रूप से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित होता है।
संभागीय अधिकारी कमल आनंद ने आयोजन से पहले ही व्यवस्थाओं पर नजर रखते हुए आवश्यक तैयारियों को प्राथमिकता दी। वहीं कार्यक्रम संपन्न होते ही उन्होंने सफाई व्यवस्था की पूरी कमान अपने हाथ में लेते हुए संबंधित अमले को तत्काल मैदान में उतारा। परिणामस्वरूप कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्र में तेजी से सफाई कार्य कराया गया और विशाल आयोजन के बाद परिसर को शीघ्र ही स्वच्छ एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया गया।
कार्यशैली में दिख रही तत्परता
कमल आनंद की कार्यशैली में सबसे खास बात यह नजर आ रही है कि वे समस्याओं के सामने आने का इंतजार करने के बजाय मौके पर पहुंचकर उनका समाधान कराने पर जोर दे रहे हैं। स्वच्छता, सड़क और सार्वजनिक आयोजनों के बाद व्यवस्थाओं को लेकर उनकी सक्रियता से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि संभाग क्रमांक-8 में जनसुविधाओं और स्वच्छ वातावरण को प्राथमिकता देने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अधिकारी द्वारा स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करने और तत्काल कार्रवाई कराने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में संवेदनशीलता एवं सक्रियता का अनुभव हो रहा है। पदभार ग्रहण करते ही मैदान में उतरने की यह पहल निश्चित रूप से क्षेत्र के लिए सकारात्मक संदेश के रूप में देखी जा रही है।










