स्मार्ट सिटी बोर्ड बैठक में जनहित के कई महत्वपूर्ण फैसले, विकास को मिलेगी नई रफ्तार
जबलपुर। जबलपुर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड की बोर्ड बैठक में शहर के विकास, संस्कृति, खेल, स्टार्टअप और डिजिटल सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में स्थानीय प्रतिभाओं और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्मार्ट सिटी की सेवाओं के विस्तार पर भी सहमति बनी।
संस्कृति थिएटर अब 10 हजार में
स्थानीय कलाकारों, सांस्कृतिक संस्थाओं और नागरिकों के लिए संस्कृति थिएटर को किफायती दर पर उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। थिएटर का उपयोग 2 घंटे के लिए 10 हजार, 4 घंटे के लिए 15 हजार और 6 घंटे के लिए 25 हजार रुपये में किया जा सकेगा। इससे शहर में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में छह दुकानों की ई-नीलामी
मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स फेज-2 की 6 दुकानों को पारदर्शी ई-टेंडरिंग प्रक्रिया के माध्यम से ऑनलाइन नीलाम किया जाएगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के साथ संपत्तियों के बेहतर उपयोग का रास्ता खुलेगा।
स्टार्टअप और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
स्मार्ट सिटी द्वारा इनक्यूबेशन सेंटर का संचालन स्वयं किए जाने का निर्णय लिया गया है। इससे युवाओं के नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं रांझी स्थित एलएनवाई स्कूल के मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के बेहतर संचालन के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे।
डिजिटल सुविधाओं का विस्तार
शहर में डिजिटल सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से एनएमटी कॉरिडोर और डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन नगर निगम को सौंपने का निर्णय लिया गया है।
अन्य निकायों को तकनीकी सेवाएं देगी स्मार्ट सिटी
बैठक में स्मार्ट सिटी द्वारा संभाग के अन्य नगरीय निकायों और सरकारी विभागों को डीपीआर तैयार करने, टेंडर प्रक्रिया और परियोजनाओं के सुपरविजन सहित तकनीकी कंसल्टेंसी सेवाएं उपलब्ध कराने का भी निर्णय लिया गया।
इन फैसलों से जबलपुर में सांस्कृतिक गतिविधियों, खेल, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और तकनीकी क्षमता के विस्तार को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।










