नामांतरण के बदले 7 हजार की रिश्वत, महिला पटवारी गिरफ्तार
निजी कार्यालय में सह-आरोपी के माध्यम से रकम लेते लोकायुक्त ने पकड़ा
राजगढ़। भूमि नामांतरण के बदले 7 हजार रुपए रिश्वत मांगना महिला पटवारी को महंगा पड़ गया। भोपाल लोकायुक्त की टीम ने गुरुवार को जीरापुर में ट्रैप कार्रवाई करते हुए पटवारी सीमा दांगी और सह-आरोपी जमना प्रसाद उर्फ बबलू वर्मा को रिश्वत की रकम लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
लोकायुक्त के अनुसार ग्राम श्यामपुरा निवासी राम प्रसाद दांगी ने 13 अगस्त को शिकायत की थी। उसने ग्राम खेजड़िया के हल्का नंबर-78 स्थित खसरा नंबर 407/1 की भूमि के नामांतरण के लिए आवेदन किया था। आवेदन की स्थिति जानने के दौरान पटवारी द्वारा नामांतरण की कार्रवाई के बदले 7 हजार रुपए की मांग किए जाने की शिकायत की गई।
शिकायत के सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को सिरपोई कॉलोनी स्थित पटवारी के निजी कार्यालय में सह-आरोपी के माध्यम से 7 हजार रुपए लेते ही लोकायुक्त टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
कार्रवाई उप पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक रजनी तिवारी सहित लोकायुक्त टीम ने की। दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जबलपुर में भी नजर
सूत्रों के अनुसार जबलपुर के राजस्व अमले में भी कुछ पटवारियों और राजस्व अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतों और कथित वसूली की जानकारी सामने आ रही है। संबंधित मामलों में दस्तावेज और तथ्य जुटाए जाने की बात कही जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो आने वाले दिनों में इस संबंध में भी कार्रवाई या बड़ा खुलासा सामने आ सकता है।










