अनिराज नायडू हत्याकांड का इनामी आरोपी शेख आदिल गिरफ्तार
अमकुही-भूलन बस्ती में मकान के लॉफ्ट में छिपा था आरोपी, भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद
जबलपुर। चर्चित अनिराज नायडू हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपी शेख आदिल को पुलिस और क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अमकुही-भूलन बस्ती स्थित एक मकान के कमरे के लॉफ्ट में छिपकर रह रहा था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 देशी पिस्टल, 1 रिवॉल्वर, 4 कट्टे, 2 एयर गन, 54 जिंदा कारतूस, 68 खाली खोखे और 23 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री बरामद की है।
छोटू चौबे गैंग का सक्रिय सदस्य
पुलिस जांच में शेख आदिल को कुख्यात गैंगस्टर छोटू चौबे उर्फ सुयश चौबे की गैंग का सक्रिय सदस्य बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आदिल ने अनिराज नायडू हत्याकांड में छोटू चौबे के इशारे पर वारदात को अंजाम देने की बात बताई है। पुलिस इस संबंध में आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है।
फरारी में मिली थी शरण
पुलिस के अनुसार फरारी के दौरान शेख आदिल को छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे के मकान में शरण मिली थी। हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े मामले में पुलिस ने शेख आदिल सहित छोटू चौबे, शेखर चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब बरामद हथियारों और मोबाइल फोन के आधार पर आरोपी के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े कनेक्शन की जांच कर रही है।










