सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी का बड़ा एक्शन, ब्लैक स्पॉट्स का किया निरीक्षण

---Advertisement---

सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी का बड़ा एक्शन, ब्लैक स्पॉट्स का किया निरीक्षण
दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, सोलर लाइट, ब्लिंकर्स, रिफ्लेक्टर और साइनेज लगाने के निर्देश

जबलपुर। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने मंगलवार को बरेला स्थित शारदा मंदिर के पास तथा अंधमूक बाईपास पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का बारीकी से अवलोकन किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिन स्थानों पर बार-बार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां केवल औपचारिक उपाय पर्याप्त नहीं होंगे, बल्कि स्थायी और वैज्ञानिक समाधान लागू किए जाने चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सड़क के दोनों ओर आवश्यक सुरक्षा स्थान विकसित किए जाएं, ताकि आपात स्थिति में वाहन सुरक्षित रूप से नियंत्रित किए जा सकें।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, पुलिस तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, सोलर स्ट्रीट लाइट, ब्लिंकर्स, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक (साइनेज) तथा कैट-आई रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। साथ ही सड़क की क्षतिग्रस्त सतह की तत्काल मरम्मत कर सभी गड्ढों को भरा जाए, ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

कलेक्टर एवं एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाए, जिससे लोगों में यातायात नियमों के पालन की आदत विकसित हो और दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल दुर्घटनाओं के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि पहले से ऐसे सभी कारणों को समाप्त करना है, जिनसे जनहानि की संभावना उत्पन्न होती है।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किए जाएं और उनकी नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बन सके।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment