खतरनाक मकानों पर त्वरित कार्रवाई, निगमायुक्त के निर्देश पर जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता
जबलपुर। मानसून के दौरान संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर और खतरनाक भवनों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान एवं सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में भवन एवं अतिक्रमण शाखा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए जोखिम भरे भवनों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पिसनहारी की मढ़िया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में एक अत्यंत जर्जर भवन का निरीक्षण किया गया। भवन स्वामी द्वारा स्वयं भवन हटाने की सहमति देने पर नगर निगम ने नियमानुसार जर्जर हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए तीन दिन का समय दिया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगम का अमला मौके पर तैनात रहा।
वहीं रवीन्द्र नगर, अधारताल क्षेत्र में अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान की मौजूदगी में एक अन्य खतरनाक एवं जर्जर मकान को मशीनों की सहायता से सुरक्षित ढंग से ध्वस्त किया गया, जिससे आसपास के रहवासियों को संभावित दुर्घटनाओं के खतरे से राहत मिली।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मानसून के दौरान किसी भी जर्जर भवन से जन-धन की हानि नहीं होने दी जाएगी। नागरिकों से भी अपील की गई है कि अपने आसपास किसी भी खतरनाक या जर्जर भवन की सूचना तत्काल नगर निगम को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
नगर निगम का संदेश साफ है— जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं, जर्जर भवनों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










