जबलपुर। शहर में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। जहां एक ओर अधिकांश लोग बारिश से बचने के लिए घरों में सुरक्षित रहे, वहीं नगर निगम के स्वच्छता योद्धा पूरे समर्पण के साथ सड़कों पर डटे रहे। भीगते हुए भी उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
बारिश के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति से निपटने, नालों की सफाई, सड़कों पर गिरे पेड़ों और मलबे को हटाने तथा कचरे का तत्काल निष्पादन करने का कार्य लगातार जारी रहा। संवेदनशील इलाकों में स्वच्छता कर्मियों और फील्ड स्टाफ ने पूरी मुस्तैदी के साथ काम किया, ताकि आम नागरिकों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
तेज बारिश को देखते हुए नगर निगम ने शहर के सभी 16 बाढ़ नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं। विभिन्न संभागों की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं जल निकासी का कार्य कर रही हैं। रेलवे सोसायटी नाला सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
स्वच्छता कर्मियों की यह मेहनत केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर की सामान्य रफ्तार बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। जब अधिकांश लोग बारिश से बचने के लिए घरों में रहते हैं, तब यही कर्मी विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए शहर को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का काम करते हैं।
ऐसे स्वच्छता योद्धाओं की सेवा, मेहनत और समर्पण निश्चित रूप से सम्मान के योग्य है। शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने में उनका योगदान अमूल्य है। समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इन कर्मियों के कार्य का सम्मान करे और स्वच्छता बनाए रखने में अपना सहयोग भी दे।










