पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम का शुभारंभ, पुलिसकर्मियों के साथ आम नागरिक भी उठा सकेंगे लाभ
जबलपुर। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस लाइन परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित जिम का शुभारंभ किया गया। जिम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने फीता काटकर किया।
लंबे समय से प्रस्तावित इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है। अधिकारियों ने बताया कि जिम को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, ताकि पुलिस बल नियमित व्यायाम कर अपनी कार्यक्षमता और फिटनेस बेहतर बनाए रख सके।
प्रधान आरक्षक नीतीश थापा ने बताया कि जिम में मल्टी जिम मशीनें, बारबेल, 2.5 किलोग्राम से 25 किलोग्राम तक के डम्बल, वेट प्लेट्स, ट्रेडमिल, क्रॉस ट्रेनर, एक्सरसाइज साइकिल सहित विभिन्न आधुनिक फिटनेस उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
सबसे खास बात यह है कि यह जिम केवल पुलिस विभाग तक सीमित नहीं रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों को भी निर्धारित नियमों एवं सदस्यता प्रक्रिया के तहत जिम की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। इससे शहर के लोग भी आधुनिक फिटनेस सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्वस्थ और फिट पुलिस बल बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसी सोच के साथ भविष्य में भी पुलिस कर्मियों के कल्याण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।










