मेलबर्न में साकार हुई भारतीय संस्कृति: धूमधाम से मनाया हरियाली तीज महोत्सव

---Advertisement---

मेलबर्न( ऑस्ट्रेलिया), सर्व ब्राह्मण महासभा ऑस्ट्रेलिया के सदस्यों ने मेलबर्न में हरियाली तीज का उत्सव धूमधाम से मनाया। यह त्यौहार भगवान शिव और देवी पार्वती को समर्पित है और विशेष रूप से महिलाओं द्वारा मनाया जाता है। महासभा के अध्यक्ष रवि शर्मा ने बताया कि हरियाली तीज माता पार्वती की लंबी तपस्या के बाद भगवान शिव के साथ उनके मिलन का उत्सव है। इस दिन, महिलाएं देवी पार्वती की पूजा करती हैं और सुखी वैवाहिक जीवन की प्रार्थना करती हैं।

उत्सव में विक्टोरिया के अध्यक्ष पंडित अमित कौशिक, वरिष्ठ लेखिका प्रिया शुक्ला, दीपक, अनुज वशिष्ठ, देवी शर्मा और अनिरुद्ध शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया और सामूहिक पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धज कर हरियाली तीज के गीत गाए और झूले झूलते हुए अपनी खुशियों का इज़हार किया।

रवि शर्मा ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सुदूर देश में भी बनाए रखने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि हरियाली तीज न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है बल्कि यह परिवार और समाज में एकता और प्रेम को बढ़ावा देने का भी एक सशक्त माध्यम है।

विक्टोरिया के अध्यक्ष पंडित अमित कौशिक ने सभी देशवासियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे उत्सव हमें अपनी जड़ों से जोड़े रखते हैं और हमारी सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने इस पावन त्यौहार की शुभकामनाएं दीं और आने वाले समय में ऐसे आयोजनों को और भव्य रूप देने का संकल्प लिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment