स्कूल से लौटते समय रास्ता भटकी 10 वर्षीय बच्ची को गोहलपुर पुलिस ने परिजनों से मिलाया
जबलपुर। गोहलपुर थाना पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से स्कूल से लौटते समय रास्ता भटक गई 10 वर्षीय बालिका को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
थाना प्रभारी रीतेश पांडे ने बताया कि 14 जुलाई की शाम गोहलपुर तिराहे के पास एक 10 वर्षीय बच्ची रोती हुई मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने लाया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम वैष्णवी कोरी, पिता का नाम राजू कोरी, माता का नाम अनीता कोरी तथा भाई का नाम विनायक बताया, लेकिन वह अपने घर का पता नहीं बता सकी।
मामले की सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों और कंट्रोल रूम को दी गई। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर कंट्रोल रूम से शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थानों को वायरलेस के माध्यम से सूचना प्रसारित की गई। साथ ही जबलपुर पुलिस के व्हाट्सएप समूहों और सोशल मीडिया पर बच्ची का फोटो साझा कर परिजनों की तलाश शुरू की गई।
स्थानीय लोगों के सहयोग से अधारताल क्षेत्र के कटरा निवासी राजू कोरी गोहलपुर थाने पहुंचे और बच्ची की पहचान अपनी पुत्री वैष्णवी कोरी के रूप में की। सत्यापन के बाद पुलिस ने बालिका को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि वैष्णवी स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय रास्ता भटककर गोहलपुर क्षेत्र पहुंच गई थी। पुलिस ने बच्ची के पिता को भविष्य में विशेष सावधानी बरतने की समझाइश भी दी।










