जबलपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगी क्षेत्र के ग्राम तिनसी में पदस्थ ग्राम रोजगार सहायक दिलीप कुमार साहू को ₹19 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने ग्राम तिनसी निवासी राजकुमारी परस्ते से उनकी जमीन के पट्टे के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के एवज में ₹19 हजार की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर जबलपुर लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन कराया, जिसमें शिकायत सही पाए जाने के बाद ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई गई।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत लोकायुक्त टीम ने ग्राम पंचायत भवन, तिनसी में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ दबोच लिया।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लोकायुक्त पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और रिश्वतखोर अधिकारियों-कर्मचारियों पर शिकंजा कस रही है।










