दिन-रात की तपस्या से जनगणना में रचा इतिहास : निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में जबलपुर ने छुआ 99.2 प्रतिशत का स्वर्णिम आंकड़ा

---Advertisement---

जबलपुर।
अथक परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का बना उदाहरण, शहरी जनगणना कार्य में जबलपुर प्रदेश में बना मिसाल
जबलपुर। शहरी क्षेत्र की जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि शहर की सामाजिक संरचना और भविष्य की योजनाओं का आधार होती है। इस महत्वपूर्ण दायित्व को जबलपुर नगर निगम ने जिस गंभीरता, प्रतिबद्धता और अद्भुत कार्यशैली के साथ निभाया है, वह प्रशासनिक इतिहास में एक उल्लेखनीय अध्याय बन गया है। निगमायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार के सतत मार्गदर्शन, दिन-रात की मेहनत और सूक्ष्म मॉनिटरिंग के परिणामस्वरूप नगर निगम क्षेत्र में जनगणना कार्य ने 99.2 प्रतिशत की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
लगातार समीक्षा बैठकों, मैदानी निरीक्षणों और प्रत्येक प्रगणक से सीधे संवाद कर निगमायुक्त ने इस अभियान को केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं रहने दिया, बल्कि उसे जनभागीदारी और उत्तरदायित्व का स्वरूप प्रदान किया। यही कारण है कि कुल 1,974 प्रगणकों में से अब केवल 16 प्रगणकों का हाउस लिस्टिंग कार्य शेष है, जबकि निर्धारित सभी 1,958 एच.एल.बी. (हाउस लिस्टिंग ब्लॉक) का कार्य पूर्ण सफलता के साथ संपन्न कर लिया गया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर स्मार्ट सिटी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच चार्ज अधिकारियों — भगवान सिंह दागी (चार्ज 8 भानतलैया), संतोष पाण्डेय (चार्ज 11 राजागोकुलदास धर्मशाला), मयंक चैरसिया (चार्ज 12 घंटाघर), सुदीप सिंह पटैल (चार्ज 14 क्षेत्रीय बस स्टैंड) एवं महेन्द्र सिंह उइके (चार्ज 16 आनंद नगर) — को वाटर बोतल, डायरी, पेन एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
निगमायुक्त ने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी टीम की सामूहिक साधना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदारी को सेवा और राष्ट्रनिर्माण का माध्यम मानकर कार्य किया जाता है, तब ऐसे ही ऐतिहासिक परिणाम सामने आते हैं। उनके नेतृत्व में पूरी जनगणना टीम ने विपरीत परिस्थितियों और समय की चुनौतियों के बावजूद जिस निष्ठा से कार्य किया, वह प्रशासनिक कार्यसंस्कृति की प्रेरणादायी मिसाल बन गया है।
बैठक में जनगणना निदेशालय भोपाल से वरिष्ठ अधिकारी मनोज नाथानी एवं मास्टर ट्रेनर डॉ. चंद्रशेखर राजहंस, अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, जनगणना सेल के हरनारायण पटेल, राजेश बमनेल, राजेश पासी, विकास खरे सहित सभी चार्ज अधिकारी एवं लिपिकीय स्टाफ उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment