जयपुर: राजस्थान सरकार में युवा मामले एवं खेल विभाग के मंत्री, कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में राज्य में खेल और खिलाड़ियों की प्रगति, खेलों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास, खेल छात्रावासों की स्थापना और राज्य की खेल नीतियों पर चर्चा की गई।

बैठक का मुख्य उद्देश्य “खेलो राजस्थान यूथ गेम्स” और राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सार्थक संवाद करना था। कर्नल राठौड़ ने संभाग स्तर पर युवा साथी केंद्रों की स्थापना और राज्य युवा नीति एवं राज्य खेल नीति के निर्माण के लिए जल्द से जल्द PMU (प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट) गठन की प्रक्रिया को पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, बैठक में राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद में 140 खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए योग्यताओं के मापदंड तय करने पर भी चर्चा की गई।
कर्नल राठौड़ ने खेलो राजस्थान कार्यक्रम को शीघ्र तैयार करने और राज्य की खेल अकादमियों को पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मोड पर संचालित करने की योजना बनाने के निर्देश दिए।










