जयपुर(झोटवाड़ा), राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री और झोटवाड़ा से विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने 29 अक्टूबर 2024 को दीपावली स्नेह मिलन समारोह में जनता और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए उन्हें दीपोत्सव पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। कर्नल राठौड़ ने सभी का अपार स्नेह और आत्मीयता के लिए आभार जताया और कहा कि सामूहिकता से उत्सव मनाने की हमारी यह परंपरा समाज में परस्पर प्रेम और विश्वास की भावना को प्रबल करती है।

वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने की अपील
राठौड़ ने दीपावली पर सभी से ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने और स्थानीय बुनकरों व कारीगरों की कला को प्रोत्साहन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्थानीय बाजारों से खरीदारी करके आत्मनिर्भर भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में योगदान दिया जा सकता है। राठौड़ ने इस अवसर पर सभी से ऑर्गेनिक दीयों का उपयोग कर दीपावली मनाने का आह्वान किया।
राजस्थान के विकास के लिए संकल्प का आह्वान
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने सभी को दीपावली पर राजस्थान के विकास के लिए एक दीया जलाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झोटवाड़ा की समृद्धि और राजस्थान की तरक्की के लिए वे सभी के सहयोग, समर्थन, और सम्मान के साथ कार्य कर रहे हैं।












