रीवा में दरिंदगी: मां से विवाद का मासूम से लिया ‘बदला’, 6 साल की बच्ची ICU में
– आरोपी ताऊ ने “तेरी मां ज्यादा बोलती है” कहकर किया दुष्कर्म
– गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही बच्ची
– आरोपी पर दर्ज हैं 30 से अधिक केस, 6 टीमें कर रही तलाश
रीवा।
रीवा में रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे समाज को हिलाकर रख दिया है। एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ उसके ही ताऊ (बड़े पिता) ने दरिंदगी की हदें पार कर दीं। मां से चल रहे पारिवारिक विवाद का बदला लेने के लिए आरोपी ने उसकी फूल सी बेटी को निशाना बनाया। फिलहाल, मासूम बच्ची संजय गांधी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच झूल रही है।
होश में आते ही बयां की आपबीती
पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के बाद जब बच्ची को होश आया, तो उसके मुंह से निकले शब्द सुनकर हर किसी का कलेजा कांप उठा। बच्ची ने तड़पते हुए मां को बताया कि बड़े पापा ने उसके साथ गलत काम किया है। जब बच्ची ने दर्द से कराहते हुए उसे रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने कहा— “तेरी मां बहुत चपड़-चपड़ करती है, आज उसे सबक सिखाऊंगा।” यह बयान आरोपी की नृशंस मानसिकता को दर्शाने के लिए काफी है।
टाइमलाइन: बदला लेने के लिए रची साजिश
सीएसपी राजीव पाठक के अनुसार, आरोपी का पीड़िता के पिता (जो खुद जेल में है) से संपत्ति को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। 3 जून को आरोपी ने बच्ची की मां के साथ मारपीट की थी। इसके बाद 4 जून की रात, जब बच्ची घर में सो रही थी, तब उसने इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मासूम का गला घोंटने की भी कोशिश की।
डॉक्टरों की टीम कर रही निगरानी
अस्पताल अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट में गंभीर चोटें आई हैं और लगातार ब्लीडिंग हो रही है। अगले 24 घंटे उसके लिए बेहद नाजुक हैं। विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम चौबीसों घंटे उसकी निगरानी कर रही है।
“मेरी बेटी ने क्या बिगाड़ा था?”
अस्पताल के बाहर बैठी मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बिलखते हुए कहा, “मेरी बच्ची का क्या कसूर था? उसके हाथों में खिलौने होने चाहिए थे, लेकिन वह आज सुइयां चुभवा रही है। उसने मेरी बच्ची का बचपन छीन लिया। मेरी सिर्फ एक ही मांग है कि दरिंदे को ऐसी सजा मिले जो मिसाल बन जाए।”
आदतन अपराधी है आरोपी, 30 केस दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी एक शातिर अपराधी है। उस पर सिविल लाइन, सिटी कोतवाली और समान थाने में मारपीट, चोरी, लूट और अवैध वसूली के 30 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रीवा पुलिस ने सतना, सीधी और प्रयागराज तक 6 टीमें रवाना की हैं।
प्रशासन सख्त, फास्ट ट्रैक का भरोसा
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को पूरी सहायता का आश्वासन दिया है। कलेक्टर और पुलिस अधिकारियों ने इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि न्याय में देरी न हो।
पुलिस की अपील: आरोपी के ठिकाने के बारे में कोई भी सूचना मिलने पर पुलिस के कंट्रोल रूम या स्थानीय थाने पर तत्काल सूचित करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।










