आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर रात्रिकालीन स्वच्छता अभियान सख्त, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर स्पॉट फाइन की कार्रवाई
भोपाल। राजधानी भोपाल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार निगम की रात्रिकालीन टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहकर स्वच्छता व्यवस्था की निगरानी कर रही है।
रात्रिकालीन टीम द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, निर्धारित स्वच्छता नियमों एवं शर्तों का पालन नहीं करने तथा शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वालों के विरुद्ध मौके पर ही स्पॉट फाइन की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम की टीम रात्रि के समय विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर यह सुनिश्चित कर रही है कि नागरिकों, दुकानदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा स्वच्छता संबंधी निर्धारित नियमों का पालन किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माना लगाया जा रहा है।
आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना है।
नगर निगम प्रशासन ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे स्वच्छता नियमों का पालन करें, कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें और भोपाल को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें।










