जयपुर, हरियाणा विधानसभा चुनावों के नतीजों के बाद भाजपा ने राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की ओर कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने चुनाव परिणामों का स्वागत करते हुए पार्टी की इस बड़ी जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके विकास कार्यों का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, “हरियाणा की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फिर से विश्वास जताया और तीसरी बार भाजपा की सरकार पर मोहर लगाई। यह जनता का विकास और स्थायित्व के प्रति विश्वास है। मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भी भाजपा पूरे देश में प्रचंड बहुमत हासिल करेगी और केंद्र में चौथी बार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी हरियाणा में पार्टी की सफलता को ऐतिहासिक करार देते हुए कहा, “हरियाणा की जनता ने भाजपा को तीसरी बार समर्थन दिया है। यह प्रदेश के विकास की दिशा में जनता के विश्वास को दर्शाता है। भाजपा ने जो कहा, उसे पूरा किया, और यही कारण है कि कांग्रेस का हर प्रयास नाकाम रहा।”
राठौड़ ने आगे कहा कि “राजस्थान में होने वाले 7 विधानसभा उपचुनावों में भी भाजपा की जीत निश्चित है। जनता ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यों पर मोहर लगाई है और राजस्थान में भी भाजपा का डबल इंजन सरकार का मॉडल सफल होगा।”
इस अवसर पर भाजपा कार्यालय में मिठाई बांटी गई और जलेबियां बनाकर कार्यकर्ताओं को खिलाई गईं। भाजपा युवा मोर्चा की ओर से आतिशबाजी का आयोजन किया गया। कई वरिष्ठ भाजपा नेता, जिनमें जोगाराम पटेल, मदन दिलावर, जवाहर बेड़म, गोपाल शर्मा, लुम्बाराम चौधरी, और अन्य प्रमुख नेता शामिल थे, ने भी इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाया।
प्रदेश के प्रभारी सतीश पूनिया और राजस्थान से हरियाणा प्रवास पर गए भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि उनकी कोशिशों ने इस जीत को संभव बनाया है।










