जबलपुर। मेडिकल कॉलेज स्थित सर्वेंट क्वार्टर के सामने स्थित एक कबाड़ गोदाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कबाड़ का पूरा ढेर आग की लपटों में घिर गया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के कर्मचारियों और रहवासियों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल अपने घरों और क्वार्टरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया। आग की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कबाड़ में रखी ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें और धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए भगदड़ जैसी स्थिति भी निर्मित हो गई।
सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। राहत की बात यह रही कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि आग से कबाड़ गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया।










