20 दिन से घरों में कैद! सतना में ओवरब्रिज निर्माण बना लोगों के लिए मुसीबत, PWD की लापरवाही से लोग बेहाल

---Advertisement---

सतना | श्यामानुज पाण्डेय, (जिला ब्यूरो सतना उजला दर्पण)

पौराणिक टोला, वार्ड क्रमांक 04 के निवासी इन दिनों सड़क नहीं, बल्कि सिस्टम की खुदाई में धंसे पड़े हैं। पीडब्ल्यूडी सेतु निर्माण विभाग की लापरवाही ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। ओवरब्रिज निर्माण के नाम पर पूरी सड़क खोद दी गई है — बिना किसी वैकल्पिक रास्ते या सर्विस रोड के।

अब हालत यह है कि 20 दिन से ज्यादा का वक्त हो चुका है, लोग घरों से बाहर तक नहीं निकल पा रहे। रास्ता पूरी तरह बंद है। न एंबुलेंस आ सकती है, न सामान ढोने की गाड़ी। बुजुर्ग, बीमार और स्कूली बच्चे — सब इस प्रशासनिक अनदेखी के शिकार बन गए हैं।

“पहले सर्विस रोड क्यों नहीं बनी?”

यह सवाल अब टोला के हर निवासी की जुबान पर है। नियमानुसार, किसी भी निर्माण कार्य से पहले वैकल्पिक रास्ता या सर्विस रोड बनाई जाती है — ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो। लेकिन यहां सेतु विभाग ने नियमों को ठेंगा दिखाते हुए पहले ही सड़क को गड्ढों में तब्दील कर दिया। न कोई चेतावनी, न कोई सूचना बोर्ड — सब कुछ बंद।

लोगों में उबाल, पर सुनवाई नहीं

स्थानीय निवासी प्रशासन से नाराज़ हैं। कई बार शिकायतें की गईं, अधिकारियों को जानकारी दी गई, पर नतीजा शून्य। “घर से बाहर निकलने के लिए अब लकड़ी के पटिये बिछाने पड़ रहे हैं, बारिश हुई तो पूरी बस्ती दलदल बन जाएगी,” एक स्थानीय बुजुर्ग ने कहा।

जनता की आस्था, सरकारी अनास्था

यह इलाका सिर्फ आवासीय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक महत्व भी रखता है। पौराणिक टोला में कई धार्मिक आयोजन होते हैं, मगर विभाग ने यहां की संवेदनशीलता को भी नजरअंदाज़ कर दिया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment