जयपुर, लंदन में आयोजित विश्व पर्यटन सम्मेलन “वर्ल्ड ट्रैवल मार्केट” (डब्ल्यूटीएम) में राजस्थान पर्यटन ने सशक्त उपस्थिति दर्ज की। इस आयोजन में राजस्थान पर्यटन का प्रतिनिधित्व अतिरिक्त निदेशक राकेश शर्मा ने किया। शर्मा ने बताया कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और विविध पर्यटन अनुभवों को लेकर यूरोप के ट्रेवल एजेंसियों और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि इस वैश्विक मंच पर भागीदारी का उद्देश्य राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित करना था, जो सफल रहा। शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य राजस्थान को एक ऐसा पर्यटन स्थल बनाना है जो पारंपरिक और आधुनिक पर्यटन का संगम प्रस्तुत करता हो।
यूरोपीय पर्यटकों में राजस्थान के प्रति बढ़ता आकर्षण
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में जून तक केवल यूनाइटेड किंगडम से ही 66,251 पर्यटक राजस्थान आए। यूरोप के प्रमुख 18 देश राजस्थान में पर्यटन के लिए आने वाले शीर्ष 50 देशों की सूची में शामिल हैं। यह आंकड़े दर्शाते हैं कि राजस्थान यूरोपीय सैलानियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय है।
राजस्थान पर्यटन को मिला यूरोपीय बाजार में विशेष मंच
डब्ल्यूटीएम में राजस्थान पर्यटन के स्टैंड पर राकेश शर्मा ने राजस्थान के प्रमुख पर्यटन स्थलों को दर्शाने वाली एक शॉर्ट फिल्म के जरिए यूरोपीय पर्यटकों को राजस्थान आने का न्यौता दिया। उन्होंने राज्य की पर्यटन प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए बताया कि राजस्थान अपनी प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित रखते हुए वैश्विक पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं का विकास कर रहा है। इस आयोजन में दुनिया भर के टूर ऑपरेटरों, ट्रैवल एजेंटों और मीडिया प्रतिनिधियों की राजस्थान पर्यटन में गहरी रुचि देखने को मिली।
आगामी रणनीति और योजनाएं
राकेश शर्मा ने बताया कि डब्ल्यूटीएम जैसे वैश्विक मंच के माध्यम से राजस्थान पर्यटन का प्रयास है कि यूरोप से आने वाले पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि की जाए।











