आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर भोपाल में स्वच्छता अभियान तेज, बस स्टॉप से लेकर सड़कों और फुटपाथों तक हो रही धुलाई
भोपाल। राजधानी भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और धूल-मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम द्वारा शहरभर में विशेष सफाई एवं धुलाई अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार सार्वजनिक स्थलों, बस स्टॉप, मुख्य सड़कों और फुटपाथों की नियमित धुलाई एवं साफ-सफाई कराई जा रही है।
अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाने के लिए पानी से धुलाई की जा रही है। साथ ही बस स्टॉप एवं फुटपाथों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।
नगर निगम का उद्देश्य केवल सड़कों की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाना भी है। नियमित धुलाई से धूल के स्तर को कम करने, गंदगी पर नियंत्रण रखने और शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार द्वारा संबंधित अधिकारियों एवं सफाई अमले को स्वच्छता कार्यों में निरंतरता बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं और स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं। सामूहिक सहभागिता से ही भोपाल को स्वच्छ, सुंदर और धूल-मुक्त शहर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।










