उज्जैन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा, एडीएम कार्यालय का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

---Advertisement---

उज्जैन कलेक्ट्रेट में लोकायुक्त का छापा, एडीएम कार्यालय का बाबू 20 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

उज्ज्वला योजना के फर्जी गैस कनेक्शन की जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई के बदले मांगी थी रिश्वत, शिकायत का सत्यापन कर लोकायुक्त ने बिछाया जाल

उज्जैन। मध्यप्रदेश में सरकारी कार्यालयों में रिश्वतखोरी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। गुरुवार को लोकायुक्त पुलिस ने उज्जैन कलेक्ट्रेट में कार्रवाई करते हुए एडीएम कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी रोहित गोठवाल को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी कर्मचारी पर उज्ज्वला योजना के अंतर्गत फर्जी गैस कनेक्शन जारी किए जाने से संबंधित शिकायत में कार्रवाई कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।

जांच रिपोर्ट के बाद भी मांगी रिश्वत

मामले में बिरलाग्राम, नागदा निवासी बृजेश विश्वकर्मा ने 29 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि उनकी मां के दस्तावेजों का उपयोग कर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर उज्ज्वला योजना के तहत फर्जी गैस कनेक्शन जारी कर दिया गया।

इस संबंध में उन्होंने कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई में भी आवेदन दिया था। मामले की जांच खाद्य विभाग को सौंपी गई थी। खाद्य विभाग ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट एडीएम कार्यालय भेज दी थी।

कार्रवाई के नाम पर 20 हजार की मांग

शिकायतकर्ता के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई कराने के बदले एडीएम कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी रोहित गोठवाल ने 20 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने लोकायुक्त से इसकी शिकायत की।

कलेक्ट्रेट में बिछाया जाल, लेते ही दबोचा

लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन कराया। आरोप सही पाए जाने के बाद गुरुवार को ट्रैप की योजना बनाई गई। लोकायुक्त टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में कार्रवाई करते हुए जैसे ही कर्मचारी को 20 हजार रुपये लेते देखा, उसे रंगेहाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन तथा डीआईजी मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment